पारिवारिक विवाद में पति बना हैवान
पत्नी और तीन मासूम बच्चों की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पतौर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव में एक सनकी पति ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार आरोपी संदीप दास उर्फ बिल्टू दास अपनी पत्नी फूल कुमारी दास और तीन बच्चों के साथ मुर्गा फार्म में रहकर मजदूरी करता था। मंगलवार तड़के पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने डंडे और लोहे की रॉड से पत्नी व बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में सात वर्षीय हृदय दास, छह वर्षीय संध्या दास और पांच वर्षीय सोन दास की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।













