ओस्लो में पीएम मोदी और आइसलैंड की पीएम की द्विपक्षीय बैठक
भारत-नॉर्डिक सहयोग, ग्रीन एनर्जी और टेक्नोलॉजी पर विशेष जोर

नई दिल्ली/ओस्लो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रुन फ्रॉस्टाडॉटिर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों नॉर्वे के दो दिवसीय दौरे पर हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार यह शिखर सम्मेलन भारत और नॉर्डिक देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक में टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, ग्रीन ट्रांजिशन, नवीकरणीय ऊर्जा, ब्लू इकॉनमी, रक्षा, अंतरिक्ष और आर्कटिक सहयोग जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-नॉर्वे व्यापार एवं रिसर्च समिट में हिस्सा लिया, जहां दोनों देशों के बीच आर्थिक और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक कंपनियों के सीईओ और 250 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कई व्यापारिक समझौतों पर भी हस्ताक्षर हुए।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नॉर्वे के किंग हेराल्ड-5 से भी मुलाकात की और दोनों देशों के पारंपरिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।













