ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

खड़ौरा में डंपर की टक्कर से टूटा बिजली पोल, गांव में छाया अंधेरा

पूरी रात बिजली गुल, भीषण गर्मी में पानी संकट से जूझे ग्रामीण

सिंगरौली/ देवसर जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खड़ौरा में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार डंपर क्रमांक RJ 21 GC 4453 सड़क पर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराया, जिससे पोल टूटकर गिर गया और पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। गनीमत रही कि उस समय सड़क किनारे टहल रहे ग्रामीण समय रहते हट गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद से खबर लिखे जाने तक गांव की बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में अधिकांश घरों में पानी की व्यवस्था बोर पंप पर निर्भर है, लेकिन बिजली नहीं होने के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और सुबह तक बिजली चालू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। सड़क की ऊंचाई बढ़ जाने से बिजली पोल की ऊंचाई अपेक्षाकृत कम हो गई थी और तार नीचे लटक रहे थे। इसके बावजूद भारी वाहनों का संचालन लगातार जारी रहा। लोगों का कहना है कि संबंधित ठेकेदार और प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

उन्होंने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई, लाइसेंस निरस्तीकरण तथा वाहन मालिक पर भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने भारी वाहनों के संचालन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।स्थानीय ग्रामीण शुभम चतुर्वेदी, पिंटू पांडे, अमित पांडे, आकाश चतुर्वेदी, सफायद खान, संजय चतुर्वेदी, शुक्ला सहित अन्य लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हादसों के बाद केवल आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क और बिजली व्यवस्था की तकनीकी जांच नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button