दीवार में सेंध लगाकर लाखों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ, कोहराखोह गांव में सनसनी
अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली/देवसर जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोहराखोह में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए दीवार में सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी ओम प्रकाश बैस पिता स्व. जवाहरलाल बैस (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम कोहराखोह ने थाना जियावन में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 18 मई 2026 की रात लगभग 11 बजे वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ भोजन करने के बाद घर में सो गए थे। उस समय उन्होंने मुख्य कमरे को बाहर से बंद कर रखा था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब 19 मई 2026 की सुबह लगभग 5:30 बजे उनके चाचा रूपनारायण बैस ने सूचना दी कि घर के पीछे की दीवार में बड़ा छेद किया गया है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। बाद में पीछे की दीवार से प्रवेश करने पर पूरी वारदात सामने आई।
घर के अंदर अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच में पाया गया कि सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब हैं। चोरी गए सामान में सोने का मंगलसूत्र, तीन लॉकेट, तीन ओम, दो अंगूठियां, एक चांदी की कर्धन, छह पायल, दो बच्चों की कर्धन, चार चांदी के कड़े सहित लगभग 20 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
कुल मिलाकर करीब 90 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने का अनुमान लगाया गया है। चोर पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।













