केसीसीएल कर्मी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने बनौली मार्ग पर किया चक्काजाम
तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से कर्मचारी की गई जान

सिंगरौली। खुटार चौकी क्षेत्र के बनौली के पास मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में केसीसीएल अमलोरी परियोजना के कर्मचारी अशर्फीलाल उर्फ जमाहिर जायसवाल (करसुआ) की मौत हो गई। मृतक अपने घर लौट रहे थे कि तभी तेज रफ्तार कोयला ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद ग्रामीण और राहगीर भी दहशत में रह गए।

घायल को अस्पताल भेजा गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की मौत से परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, जताया प्रशासन पर गुस्सा
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने बनौली मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कोयला और औद्योगिक परियोजनाओं से जुड़े भारी वाहन बेलगाम गति से दौड़ते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीणों ने मांग की कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए और दोषी ट्रेलर चालक पर सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने शुरू की जांच, तैनात किए अतिरिक्त बल
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। इस दर्दनाक हादसे ने जिले में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो ऐसे हादसे भविष्य में और भी गंभीर रूप ले सकते हैं।













