देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

करनाल: पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा से पहले भारी बवाल, VIP पास को लेकर चले लात-घूंसे; 6 लाख लूटने का आरोप

करनाल (हरियाणा):हरियाणा के करनाल जिले (घरौंडा) में मशहूर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले ही बड़ा विवाद खड़ा हो गया। नई अनाज मंडी में वीआईपी (VIP) पास बांटने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें जमकर लात-घूंसे चले और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

VIP पास बांटने में मनमानी से भड़का गुस्सा
जानकारी के अनुसार, कथा स्थल पर प्रवेश के लिए अलग-अलग दिनों के VIP पास जारी किए जा रहे थे। विवाद की जड़ यह थी कि कुछ सेवादारों ने आयोजकों पर अपने करीबियों और चहेतों को मनमाने ढंग से पास बांटने का आरोप लगाया। यह नाराजगी धीरे-धीरे हाथापाई और फिर खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई।

पहले पक्ष का दावा: दुकान में घुसकर पीटा और 6 लाख लूटे
दुकानदार अनुराग मित्तल ने दूसरे गुट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रोहित नाम के युवक ने पहले उनके चचेरे भाई अंकुश के साथ गाली-गलौज की। बाद में रोहित अपने साथियों के साथ उनकी दुकान में घुस आया और दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। अनुराग का दावा है कि हमलावरों ने इसी आड़ में दुकान में रखी कथा की करीब 6 लाख रुपये की दान राशि भी लूट ली। घायल अनुराग और अंकुश को करनाल के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है।

दूसरे पक्ष का पलटवार: लूट के आरोप मनगढ़ंत
वहीं, दूसरे गुट के रोहित गुप्ता ने लूट के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि अनुराग मनमाने ढंग से पास बांट रहे थे और जब उन्होंने पास मांगे, तो अंकुश ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। रोहित का आरोप है कि अंकुश ने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया, जिसमें उनके भाई दिव्यम का हाथ कट गया है।

पुलिस कार्रवाई
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। दोनों पक्षों ने अपना-अपना मेडिकल कराकर शिकायत दर्ज करा दी है, जिसके आधार पर पुलिस सच्चाई का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button