गोरबी पुलिस की बड़ी कार्यवाही-बिक्री के लिए लेजा जा रही 108 लीटर अवैध शराब गोरबी पुलिस ने की जप्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली- पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज के.एम. के मार्गदर्शन में अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोरवा थाना अंतर्गत गोरबी पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 108 लीटर अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब ले जाई जा रही दो मोटरसाइकिल भी जप्त की हैं।
जानकारी अनुसार चौकी में पदस्त पुलिसकर्मियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर कुछ लोग अमलोरी से होकर महुरे चिताही मार्ग से आ रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर गोरबी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए एसडीओपी गौरव पाण्डेय के निर्देश एवं मोरवा निरीक्षक डॉ ज्ञानेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में टीम गठित कर बताये गए स्थान के करीब चिताही पहाड़ी कच्ची सड़क पर घेराबंदी कर आ रहे दो मोटरसाइकिल सवारों को रोककर तलाशी ली, जिसमें 12 कार्टूनों में भरी देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में प्लेन देशी शराब, मसाला शराब, ऑफिसर चॉइस एवं गोवा व्हिस्की शामिल है। कुल 108 लीटर शराब की कीमत 72 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी अनिल बैस पिता आत्माराम बैस निवासी कसर, नीरज उर्फ कमलेश कोल पिता बिहारीलाल कोल निवासी अजनी एवं रवि कुमार पनिका पिता कैलाश प्रसाद पनिका निवासी अजनी थाना बरगवां को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से हीरो होंडा स्प्लेंडर क्रमांक MP 66MB 0384 एवं बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP 53MA 6578 भी जब्त की गई।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।उक्त कार्यवाही में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह के साथ सहायक उपनिरीक्षक शेषमणि टांडिया, पिंटू राय, छत्रपाल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक त्रिवेणी तिवारी एवं आरक्षक नारेंद्र सिंह की भूमिका रही।













