गड़ेरिया बायपास पर ऑटो और हाइवा में भीषण भिड़ंत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

सिंगरौली: जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत गड़ेरिया बायपास के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ऑटो और हाइवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह भिड़ंत इतनी भयानक थी कि ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को क्षतिग्रस्त ऑटो से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान बसंती शाह, रुक्मिणी देवी और बसंत कुमार के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बैढ़न स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर बाधित हुए यातायात को सुचारू कराया। बरगवां थाना प्रभारी मो. शमीर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों से आम लोगों में एक बार फिर चिंता का माहौल बन गया है।













