ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

माजन मोड़ चौराहे पर ऑटो किराये को लेकर भिड़े महिला और चालक, बीच सड़क पर 15 मिनट तक हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा

सिंगरौली: जिले के कोतवाली और नवानगर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित मुख्य माजन मोड़ चौराहे पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ऑटो किराये को लेकर एक महिला यात्री और चालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर हाथापाई शुरू हो गई और करीब 15 मिनट तक वहां भारी हंगामा होता रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की जड़ किराये के पैसे थे। ऑटो चालक महिला यात्री से तय किए गए किराये से ज्यादा पैसे की मांग कर रहा था। महिला ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में मौके पर मौजूद कुछ अन्य युवक भी इस विवाद में कूद पड़े और सड़क पर धक्का-मुक्की के साथ मारपीट होने लगी।

इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सामने आए वीडियो में एक महिला और एक युवक सरेआम एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। बीच चौराहे पर हो रहे इस हंगामे के कारण वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।

सड़क पर करीब 15 मिनट तक चले इस ‘हाई-वोल्टेज ड्रामे’ को वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह शांत कराया। हालांकि, हैरान करने वाली बात यह है कि सरेआम हुई इस मारपीट के बावजूद अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Author

Related Articles

Back to top button