समापन सत्र के साथ सम्पन्न हुआ जिला स्तरीय दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान

सिंगरौली- भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली का 2 दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाभियान 21 मई को अंतिम सत्र समापन सत्र के साथ सम्पन्न हुआ। समापन सत्र मे मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप मे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम जी उपस्थित रहे तथा इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह ने की। मुख्य वक्ता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने भाजपा के इतिहास एवं विकास पर अपना उद्बोधन दिया। गिरीश गौतम मे 1980 मे भारतीय जनता पार्टी के गठन से पहले एवं बाद के इतिहास को प्रतिभागियों के समक्ष रखा तथा जनसंघ के निर्माण से वर्तमान भारतीय जनता पार्टी तक के संघर्ष को विंदुवार तरीके से चित्रित किया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रति उनके कर्तव्य तथा उनकी कार्यशैली कैसी हो इस पर अपना व्याख्यान दिया। मुख्य वक्ता ने भारतीय जनता पार्टी के उद्गम से लेकर विशाल वटवृक्ष बनने तक जिन विभूतियों ने अपने जीवन का सर्वस्व न्यौछावर कर दिया उनके आदर्शों एवं उनके पगचिह्नों के अनुकरण का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया।
इस प्रशिक्षण महाभियान में कुल बारह सत्र सम्पन्न हुए जिसमें अलग-अलग विषय वक्ताओं ने अपने उद्बोधनों से प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया। प्रथम दिवस मे कुल सात सत्र सम्पन्न हुए जिसमें आखिरी सत्र जिज्ञासा सत्र रहा जिसकी अध्यक्षता पंचायत विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने की तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल जी ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया तथा उनके प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं के उत्तर दिए।

दूसरे दिन के प्रशिक्षण में पांच सत्र सम्पन्न हुए तथा अलग अलग विषय वक्ताओं ने निर्धारित बिंदुओं पर अपना उद्बोधन प्रस्तुत किया। आठवें सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक राम लल्लू वैश्य ने की तथा पूर्व प्रदेश मंत्री राजेश पांडेय ने संगठन के कार्य विस्तार पर अपना उद्बोधन दिया। नौवें सत्र की अध्यक्षता देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने की तथा विषय वक्ता के रूप में जिला संगठन प्रभारी विनोद यादव ने स्थाई कार्यक्रम तथा बूथ प्रबंधन एवं मन की बात विषय पर अपना उद्बोधन दिया। दसवें सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश द्विवेदी ने की तथा विषय वक्ता के रूप में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने मोदी सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं के क्रियान्वयन मे संगठन की भूमिका वाले विषय पर अपना विस्तृत उद्बोधन दिया। ग्यारहवें सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने की तथा विषय वक्ता के रूप में सतना नगर निगम के महापौर योगेश ताम्रकार ने हमारा विचार परिवार विषय पर अपना विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया।
प्रशिक्षण महाभियान आयोजन का मंचीय संचालन इस अभियान के जिले के संयोजक एवं पूर्व महामंत्री राजकुमार दुबे ने किया तथा अंत में आभार प्रकटीकरण स्वयं जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने किया। अभियान मे जिले के समस्त जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, पूर्व पदाधिकारी, वर्तमान जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल प्रभारी तथा सभी अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













