अधिवक्ता संघ बैढ़न के कार्यकाल में विकास को मिली नई पहचान, अधिवक्ताओं के हित में हुए कई ऐतिहासिक फैसले

सिंगरौली। अधिवक्ता संघ बैढ़न, जिला सिंगरौली के वर्ष 2024–2026 कार्यकाल में संघ ने अधिवक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य किए हैं। अध्यक्ष बृजेंद्र देव पांडेय, सचिव सुरेश कुमार जायसवाल एवं समस्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के नेतृत्व में संघ विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ा है।
इस कार्यकाल के दौरान अधिवक्ताओं के सहयोग और सम्मान के लिए कई नई योजनाएं लागू की गईं। आकस्मिक बीमारी की स्थिति में 25 हजार रुपये सहायता राशि, आकस्मिक मृत्यु पर 50 हजार रुपये सहायता राशि तथा वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए 1100 रुपये सम्मान सहायता राशि की व्यवस्था की गई, जिसे अधिवक्ताओं के हित में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।
संघ द्वारा सिविल जिला न्यायालय भवन निर्माण के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत कराने हेतु विशेष प्रयास किए गए। साथ ही न्यायालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे, स्वच्छता, पेयजल, बिजली एवं रखरखाव की बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
संघ की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से वर्ष 2024–2026 के कार्यकाल में 20 लाख रुपये की एफडी कराई गई, जिसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं सिविल जिला न्यायालय में न्यायाधीशों के रिक्त पदों को भरने के लिए किए गए प्रयासों के बाद पांच नए न्यायाधीशों की पदस्थापना भी हुई।
कार्यकारिणी सदस्य अधिवक्ता उसैद हसन सिद्दीकी ने संघ के अध्यक्ष, सचिव एवं समस्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को इन उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान नेतृत्व के कार्य आने वाले पदाधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी कार्यकाल में भी अधिवक्ताओं के हित, सम्मान और गरिमा को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बेहतर कार्य किए जाएंगे।













