बाल कल्याण समिति ने पुलिस अधीक्षक को लिखा पत्र
धर्म-विरोधी टिप्पणी और धमकी के आरोपी करैला स्कूल के शिक्षक के विरूद्ध कार्यवाही की मांग

सिंगरौली। शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करैला (थाना मोरवा) में पदस्थ शिक्षक दशरथ साकेत पर छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने बाल कल्याण समिति सिंगरौली को लिखित आवेदन देकर बताया कि शिक्षक कक्षा में हिंदू धर्म और भगवान राम के प्रति आपत्तिजनक बातें कहते हैं। छात्रों का आरोप है कि हाथ में रक्षा सूत्र बांधकर या माथे पर तिलक लगाकर आने पर शिक्षक उन्हें गंदी-अश्लील गालियां देते हैं और बौद्ध धर्म अपनाने का दबाव बनाते हैं।
छात्रों का यह भी कहना है कि विरोध करने पर उन्हें फेल करने की धमकी दी जाती है तथा लड़कियों के माध्यम से झूठे आरोप लगवाने और जान से मारने जैसी बातें कही जाती हैं। कुछ छात्रों ने शिक्षक पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रामदयाल पांडेय ने पुलिस अधीक्षक सिंगरौली को पत्र लिखकर निस्पक्ष जांच और आरोपी शिक्षक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समिति ने कहा कि बच्चों के हित सर्वोपरि हैं और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।













