पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित हुयी जनसुनवाई, सुनी गईं फरियादियों की समस्याएँ

सिंगरौली। दिनांक 02 दिसम्बर 2025 को पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और आवश्यक निर्देश जारी किए। कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य प्रकरणों पर त्वरित एवं वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु संबंधित राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते, थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी नवानगर कपूर त्रिपाठी, चौकी प्रभारी खुटार श्रीमती शितला यादव, उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, उपनिरीक्षक स्वतंत्र रावत सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
महिला फरियादियों की शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए महिला अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग कराई गई और संबंधित मामलों में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।सिंगरौली पुलिस ने आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर तत्पर रहने तथा ऐसे जनसुनवाई कार्यक्रम नियमित रूप से जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।













