शक्तिनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की 40 क्विंटल सरिया से लदा पिकअप बरामद
दो आरोपी गिरफ्तार, एक कबाड़ी अब भी फरार

सोनभद्र। अपराध और कबाड़ चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की लगभग 40 क्विंटल लोहे की सरिया से लदा एक पिकअप वाहन बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य कबाड़ी अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार थाना शक्तिनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पिकअप वाहन संख्या UP 67 T 9712 को रोककर जांच की। वाहन में लगभग 40 क्विंटल लोहे की सरिया बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ और जांच में यह सरिया चोरी की पाई गई।
पुलिस ने मौके से शिराज उर्फ सिराज पुत्र हकीम एवं पियूष कुमार पुत्र अशोक ठाकुर निवासी खड़िया थाना शक्तिनगर जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शक्तिनगर में बीएनएस की धारा 303(2), 317(2) तथा 207 एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में चोरी की सरिया के साथ पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है। मामले में फरार कबाड़ी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, आरक्षक सत्यम सरोज एवं विजय प्रताप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













