बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

NH-39 की बदहाल सड़क बनी जानलेवा, उखड़ी गिट्टियों से बाइक सवार दो युवक घायल

 

सिंगरौली। देवसर बाजार स्थित नेशनल हाईवे-39 की जर्जर सड़क अब आम लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है। सड़क मरम्मत और मेंटेनेंस पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं, जिसकी कीमत अब आम जनता को अपनी जान जोखिम में डालकर चुकानी पड़ रही है।

पूरा मामला देवसर बाजार के एसबीआई बैंक और गौतम मेडिकल के सामने का है, जहां पिछले कई सप्ताहों से सड़क की गिट्टियां उखड़ी पड़ी हैं। एनएच-39 का यह हिस्सा पूरी तरह खराब हो चुका है और सड़क पर फैली गिट्टियां राहगीरों के लिए लगातार खतरा बनी हुई हैं।

देर रात इसी लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हो गया। उखड़ी गिट्टी की वजह से बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रामा सेंटर बैढ़न रेफर किया गया है।पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर बिखरी गिट्टी ही हादसे की मुख्य वजह बनी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में एनएचएआई और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि सड़क के मेंटेनेंस के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नजर नहीं आता। सड़क की हालत लगातार बद से बदतर होती जा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इसी मार्ग से रोजाना जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नेता गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर कोई गंभीर पहल नहीं की जा रही। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या जनहानि का इंतजार कर रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button