देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

डेटिंग एप पर फर्जी PSI बन युवतियों से ठगी, उदयपुर का युवक अहमदाबाद में गिरफ्तार

AI से बनाई पुलिस अफसर की फर्जी प्रोफाइल, 20 से ज्यादा युवतियों को बनाया शिकार

उदयपुर/अहमदाबाद। ऑनलाइन डेटिंग एप और मेट्रीमोनियल वेबसाइट के जरिए युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक फर्जी पुलिस उपनिरीक्षक को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमांशु उर्फ रॉकी पंचाल (27) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उदयपुर का निवासी है और फिलहाल अहमदाबाद के साबरमती इलाके में रह रहा था।

आरोपी खुद को गुजरात पुलिस का पीएसआई बताकर डेटिंग एप और मेट्रीमोनियल वेबसाइटों पर एआई जनरेटेड प्रोफाइल अपलोड करता था। उसने पुलिस यूनिफॉर्म में अपनी तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र बनाकर युवतियों का भरोसा जीता। इसके बाद शादी का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठता था।

क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी ने पिछले छह माह में 20 से अधिक युवतियों को अपना शिकार बनाया। वह शादी डॉट कॉम, जीवनसाथी, बम्बल, हिंग और अन्य एप्स के जरिए युवतियों से संपर्क करता था। तलाकशुदा महिलाओं को भी उसने निशाना बनाया।

पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, 40 हजार रुपए नकद, एआई से तैयार फर्जी आईडी कार्ड, गुजरात पुलिस का लोगो, बेल्ट, बैज और अन्य पुलिस सामग्री बरामद की है।

आरोपी के खिलाफ अहमदाबाद के नवरंगपुरा और नरोडा थानों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। एक पीड़िता से उसने 79 हजार रुपए और दूसरी से 1.74 लाख रुपए ठग लिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मुंबई में दुष्कर्म और फर्जी पहचान से जुड़े मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है और फिलहाल जमानत पर था।

Author

Related Articles

Back to top button