सादगी का संदेश, सेवा का संकल्प— मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बस से पहुंचे कार्यक्रम स्थल
ना कारकेड, ना विशेष काफिला... सादगी के साथ सिंगरौली प्रवास में दिखी जनकेंद्रित कार्यशैली

सिंगरौली-प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सादगी, जनसरोकार और संसाधनों के संयमित उपयोग के संदेश को आत्मसात करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगरौली प्रवास के दौरान एक अलग मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री पारंपरिक कारकेड और विशेष काफिले के बजाय बस से कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जिससे उनकी सादगीपूर्ण और जनसामान्य से जुड़ी कार्यशैली की झलक देखने को मिली।मुख्यमंत्री के साथ बस में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक सिंगरौली श्री रामनिवास शाह, देवसर श्री राजेंद्र मेश्राम, धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल श्री विश्वामित्र पाठक एवं मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री ओ.एस. जैन मौजूद रहे। साथ ही नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, सिंगरौली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गोयल, श्री कांतदेव सिंह, श्री सुंदरलाल शाह भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री का यह सरल और सहज अंदाज चर्चा का विषय बना रहा। बस से कार्यक्रम स्थल पहुंचकर उन्होंने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधियों की पहचान केवल पद और प्रोटोकॉल से नहीं, बल्कि जनता से जुड़ाव, सादगी और सेवा भाव से होती है।यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण को भी प्रतिबिंबित करती है, जिसमें जनप्रतिनिधियों को सादगी, अनुशासन और जनसेवा के मूल्यों के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी जाती रही है। मुख्यमंत्री का यह कदम प्रशासनिक कार्यशैली में सादगी और जनविश्वास को मजबूत करने वाला संदेश माना जा रहा है।













