ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगरौली में 11 करोड़ 55 लाख रुपये लागत के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का किया भूमि-पूजन

 

आधुनिक खेल सुविधाओं से सिंगरौली की प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का संकल्प

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विजन— गांव-गांव से उभरें खेल प्रतिभाएं

दूरस्थ अंचलों के खिलाड़ियों को अपने जिले में मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं : मुख्यमंत्री

प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को मिलेगा हर संभव प्रोत्साहन : मुख्यमंत्री

सिंगरौली- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज ऊर्जाधानी सिंगरौली के जिला मुख्यालय बैढ़न में 11 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमि-पूजन किया। यह परियोजना नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद के सहयोग तथा मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के मार्गदर्शन में निर्मित की जाएगी। यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि सिंगरौली की पहचान अब केवल ऊर्जाधानी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यहां की खेल प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले को नई पहचान दिलाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ विजन को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारना है, ताकि दूरस्थ और आदिवासी अंचलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने ही जिले में बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, जिससे यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक, एशियाई खेलों एवं अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी निर्माण करते हैं। प्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने की। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक सिंगरौली श्री रामनिवास शाह, देवसर श्री राजेंद्र मेश्राम, धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल श्री विश्वामित्र पाठक एवं मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री ओ.एस. जैन उपस्थित रहे। इसके साथ ही नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, सिंगरौली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गोयल, श्री कांतदेव सिंह, श्री सुंदरलाल शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिंगरौली के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और जिले की खेल प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button