ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं से मारपीट पर बड़ा एक्शन
वायरल वीडियो के बाद 6 कर्मचारी हटाए गए, पुलिस जांच जारी

भोपाल। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ओंकारेश्वर मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रस्ट के छह कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।हटाए गए कर्मचारियों में दीपक मालाकार, अंकित योगी, राहुल चौहान, महेंद्र सिंह चौहान, शुभम राजपूत और उमाशंकर सिसोदिया शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार को नोएडा से करीब 30 श्रद्धालुओं का जत्था ओंकारेश्वर दर्शन के लिए पहुंचा था। अधिक मास के चलते मंदिर क्षेत्र में भारी भीड़ थी। इसी दौरान कुछ श्रद्धालु नए झूला पुल के प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश कर गए, जिसे लेकर कर्मचारियों और श्रद्धालुओं के बीच कहासुनी हो गई।
लात-घूंसों और लकड़ियों से की मारपीट
विवाद बढ़ने पर ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित वीआईपी प्रोटोकॉल कार्यालय के पास दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं को घेरकर लात-घूंसों और लकड़ियों से पीटा। घटना के दौरान कई स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी नहीं माने।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच मांधाता पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा एवं व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।













