बीकानेर सीमा पर अमित शाह का जवानों को संदेश, कहा- देश की सुरक्षा में बीएसएफ की भूमिका अहम
सांचू पोस्ट पर प्रहरी सम्मेलन में शामिल हुए गृह मंत्री, महिला बैरकों का किया ई-लोकार्पण

बीकानेर। Amit Shah ने मंगलवार को राजस्थान के बीकानेर स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में बीएसएफ की सांचू पोस्ट पर आयोजित प्रहरी सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने जवानों के साथ जलपान किया और उनसे संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया।
महिला जवानों के लिए 14 नई बैरकों का ई-लोकार्पण
इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा चौकियों पर नवनिर्मित 14 महिला बैरकों का ई-लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि महिला जवानों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इससे पहले अमित शाह ने सांचू माता मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रहरी शस्त्र गैलरी का अवलोकन किया और आधुनिक ड्रोन तकनीक की कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गृह मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। सम्मेलन में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Arjun Ram Meghwal सहित Border Security Force के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।













