एनटीपीसी विंध्याचल में ओवरहॉलिंग के दौरान सुरक्षा मेगा पेप टॉक आयोजित

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में 25 मई 2026 को स्टेज-1 सर्विस बिल्डिंग में ओवरहॉलिंग कार्य के दौरान सुरक्षा जागरूकता को लेकर सुरक्षा मेगा पेप टॉक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने श्रमिकों को सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाने और दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा, महाप्रबंधक ए.जे. राजकुमार, महाप्रबंधक एस.के. सिन्हा, महाप्रबंधक एम. सुरेश, अपर महाप्रबंधक सुरक्षा आशीष कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा द्वारा सुरक्षा प्रतिज्ञा दिलाकर की गई। उन्होंने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन के हर कदम पर सुरक्षा बेहद आवश्यक है और घर से निकलते ही सभी सुरक्षा सावधानियों का पालन करना चाहिए। इस दौरान कुछ श्रमिकों को मंच पर बुलाकर कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी साझा कराई गई।
महाप्रबंधक ए.जे. राजकुमार ने कहा कि दुर्घटनाएं अक्सर लापरवाही और असावधानी के कारण होती हैं। उन्होंने श्रमिकों से कार्य के दौरान आसपास के वातावरण पर ध्यान देने और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
महाप्रबंधक एस.के. सिन्हा ने कहा कि जल्दबाजी में कार्य करने से दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए सभी सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। वहीं महाप्रबंधक एम. सुरेश ने असुरक्षित परिस्थितियों की तत्काल जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन अपर महाप्रबंधक सुरक्षा आशीष कुमार अग्रवाल ने किया। उन्होंने श्रमिकों को कार्यस्थल पर मौजूद खतरों और गर्मी के मौसम में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में बेहतर कार्य करने वाले 40 से अधिक श्रमिकों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।












