जल-गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित हुए कार्यक्रम

सिंगरौली। जल-गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जन अभियान परिषद ब्लॉक बैढ़न, जिला सिंगरौली के तहत सुसंस्कार सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी खुटार सेक्टर द्वारा गंगा दशहरा के अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल स्रोत पूजन, कलश यात्रा, भूमि पूजन एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम आदर्श ग्राम पंचायत कंजी, खुटार, गहिलरा, घोरौली एवं नवानगर में आयोजित हुए, जहां ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर सुसंस्कार सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी के कार्यक्रम समन्वयक श्री निवास श्रीवास्तव, सह समन्वयक सावित्री प्रजापति, परामर्शदाता सुरेखा गुप्ता सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। साथ ही उपस्थित लोगों ने जल स्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प भी लिया।












