बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नीट परीक्षा घोटाले और सिंगरौली महोत्सव में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

पुलिस ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों से भेजा पचौर

सिंगरौली। नीट परीक्षा घोटाले एवं सिंगरौली महोत्सव में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सोमवार देर शाम यूथ कांग्रेस सिंगरौली ने राजीव चौक माजन मोड़ पर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता सिंगरौली महोत्सव स्थल पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन नगर निगम के मुख्य गेट पर पुलिस और प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “मुख्यमंत्री होश में आओ” और “जब-जब मोहन डरता है, पुलिस को आगे करता है” जैसे नारे लगाए। यूथ कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वे नीट परीक्षा में हुए कथित घोटाले और सिंगरौली महोत्सव में भ्रष्टाचार के मुद्दे को प्रशासन के सामने रखना चाहते थे।

यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि यदि सभी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती, तो कम से कम पांच प्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपने की अनुमति दी जाए, लेकिन प्रशासन ने यह मांग भी अस्वीकार कर दी।

इसके बाद प्रदर्शन और उग्र हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर दो बसों में बैठाकर पचौर भेज दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सिंह सिंसोघिया, जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह, ब्लॉक विधानसभा अध्यक्ष सूरज सिंह, मोनिश खान, पूर्व कांग्रेस शहर अध्यक्ष अरविंद सिंह चंदेल, किसान कांग्रेस शहर अध्यक्ष मनोज दुबे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button