पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में सुनी आमजन की समस्याएं

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में सोमवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने अपनी शिकायतों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य मामलों में त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
महिला फरियादियों की शिकायतों को विशेष प्राथमिकता देते हुए महिला अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग की गई तथा समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश प्रजापति, थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, चौकी प्रभारी खुटार शीतला यादव, महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार, उप निरीक्षक स्वतंत्र रावत सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिंगरौली पुलिस ने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए इस प्रकार की जनसुनवाई आगे भी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।













