बिजली संकट पर अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- ‘भाजपा में अब करंट नहीं रहा’

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में गहराते बिजली संकट को लेकर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश की स्थिति को “महा विद्युत आपदा” बताते हुए कहा कि सरकार केवल समीक्षा बैठकों और दिखावटी व्यवस्थाओं में उलझी हुई है, जबकि जनता भीषण बिजली कटौती से परेशान है।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि शुक्र है मुख्यमंत्री ने अब तक यह नहीं कहा कि बिजली संकट के पीछे “दिल्ली से भेजे गए किसी दूत की साजिश” है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री की बैठकों में बिजली मंत्री शामिल होते हैं या नहीं, क्योंकि जनता ने दोनों को कभी साथ नहीं देखा।
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यदि बिजली मंत्री बैठकों में आते हैं तो मुख्यमंत्री उनके “कंधे पर हाथ रखकर” एक तस्वीर जारी करें, ताकि जनता को उनकी “आपसी गर्मी” से कुछ राहत मिल सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बिजली उपकेंद्रों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है और भाजपा विधायक-सांसद जनता के आक्रोश से बचने के लिए अपनी ही सरकार को चिट्ठियां लिख रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा नेताओं में जनता के बीच जाने का साहस नहीं बचा है और अब “भाजपा में करंट नहीं रहा”।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बिजली कटौती, गर्मी और अव्यवस्था से त्रस्त है तथा अगले चुनाव में भाजपा को इसका जवाब देगी।













