नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन शातिर नकबजन गिरफ्तार; 28 लाख के जेवर और वाहन बरामद

नरसिंहपुर। जिले में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 28 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से गाडरवारा, करेली और बरमानकला सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कुल नौ चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार आनंद विहार कॉलोनी स्थित एक सूने मकान में चोरी की शिकायत के बाद जांच शुरू की गई थी। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास से संदिग्ध युवक राजकुमार उर्फ राकेश उर्फ रक्कू दुबे निवासी सागर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने गाडरवारा क्षेत्र की सात चोरी की घटनाओं समेत अन्य वारदातों को स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया, जिसमें सोने के कंगन, हार, मंगलसूत्र, झुमकी, चेन, अंगूठियां, चांदी की पायल और करीब 200 चांदी की अंगूठियां शामिल हैं। केवल गाडरवारा थाना क्षेत्र से ही लगभग 17 लाख रुपये का माल बरामद किया गया।
इसी कार्रवाई में पुलिस ने बरमानकला क्षेत्र के हनुमान मंदिर और ग्राम लोलरी में हुई चोरी का भी खुलासा करते हुए सुंदर जाटव और टीकाराम चौधरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चांदी का छत्र, मुकुट, सोने-चांदी के जेवर और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।













