भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकार पर साजिश का आरोप, एआई तकनीक से फर्जी तस्वीर बनाने की शिकायत

सिंगरौली। देवसर जनपद पंचायत अंतर्गत कठदहा पंचायत में कथित भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करने वाले पत्रकार मिथिलेश कुमार यादव ने अपने खिलाफ साजिश रचे जाने का आरोप लगाया है। पत्रकार का कहना है कि पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं की खबरें प्रकाशित होने के बाद संबंधित पक्षों में नाराजगी बढ़ गई और अब उन्हें झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्रकार के अनुसार पंचायत में भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के बाद सरपंच पर करीब 2.74 लाख रुपये की रिकवरी की कार्रवाई हुई थी। वहीं मामले की उच्चस्तरीय जांच की चर्चा के बीच उन पर दबाव बनाया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से उनके चेहरे से मिलती-जुलती एक फर्जी आपत्तिजनक तस्वीर तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया और इसी आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
मिथिलेश कुमार यादव ने कहा कि उन्हें पहले से जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां मिल रही थीं। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि तकनीकी जांच और साइबर परीक्षण के बिना ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कथित एआई और डीपफेक तकनीक से जुड़े पहलुओं की साइबर सेल से जांच कराई जानी चाहिए। पत्रकार ने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से हस्तक्षेप कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।













