ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

“जन चौपाल” के माध्यम से पुलिस ने सुनी आमजन की समस्याएं, साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

सिंगरौली। जिले में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक हेमंत चौहान के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं।

पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र के गहिलगढ़ पश्चिम स्थित सुभासनी शासकीय स्कूल परिसर में आयोजित जन चौपाल में सहभागिता की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क पर बने अव्यवस्थित ब्रेकर, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, रात्रि गश्त बढ़ाने, अवैध शराब बिक्री एवं असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग रखी। पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। लोगों को बताया गया कि OTP, ATM PIN और बैंक संबंधी जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

जन चौपाल में यातायात सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और अपराध नियंत्रण जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनता की सुरक्षा और समस्याओं के निराकरण के लिए इस प्रकार के जनसंवाद कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Author

Related Articles

Back to top button