बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली पुलिस की नाइट कॉम्बिंग गश्त में बड़ी कार्रवाई, 289 बदमाशों पर कसा शिकंजा

सिंगरौली। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा मंगलवार रात व्यापक नाइट कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के मार्गदर्शन में जिलेभर में की गई इस कार्रवाई के दौरान 289 बदमाशों और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले के सभी अनुभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान 27 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे। वहीं 88 गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा 102 निगरानी बदमाशों एवं 72 गुंडा बदमाशों की जांच की गई।

रातभर चले इस अभियान में पुलिस टीमों ने जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाईवे पर सघन गश्त की। प्रमुख चौक-चौराहों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई तथा देर रात बिना कारण घूम रहे लोगों को चेतावनी दी गई।
सिंगरौली पुलिस ने बैंकों और एटीएम परिसरों का भी औचक निरीक्षण किया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराधियों में दहशत और आमजन में सुरक्षा का भरोसा देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button