तीन भाइयों ने 18 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली; ग्राम हरहवा में बीती 26 अप्रैल 2026 को एक बारात के दौरान हुए विवाद में 18 वर्षीय सुरेश यादव की पीट-पीटकर हत्या करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने मृतक के सिर पर जानलेवा हमला करने वाले रामरसीले सिंह गोंड़ (23), रामनरेश सिंह गोंड़ (27) और रामपाल सिंह गोंड़ (33) को जेल भेज दिया है।
घटना के अनुसार, बारात में विवाद कर रहे तीनों आरोपियों को सुरेश यादव ने रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्होंने लाठी-लकड़ी से उस पर हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। घायल सुरेश को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजा गया, जहां 6 जून 2026 को उसकी मौत हो गई।
सुरेश के चचेरे भाई महेश यादव की शिकायत पर थाना बैढ़न में पहले अपराध दर्ज किया गया था। मृतक के निधन के बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला बढ़ा दिया।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली भियाज के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल सैयाम के नेतृत्व में थाना प्रभारी बैढ़न एवं चौकी शासन की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) विजय अग्निहोत्री, लेखचंद्र डोहर, प्रधान आरक्षक सुमत कोल, मोहम्मद कौशर, हेमराज पटेल, बलराज सिंह, लल्लू सिंह, संतोष साकेत, अनिल नवैत, देवेंद्र सिंह, आरक्षक प्रवीण तिवारी, राहुल सिंह, जितेंद्र सिंह, विकास तिवारी, मुकेश पटेल, सहजानंद, फतेहबहादुर सिंह और राजकुमार शाक्य शामिल रहे।













