क्राइम न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

नकली सोना गिरवी रख बैंक से 43 लाख की धोखाधड़ी, 14 लोगों पर मामला दर्ज

 

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पंजाब नेशनल बैंक की सदर शाखा में नकली सोना गिरवी रखकर लाखों रुपये का गोल्ड लोन लेने का मामला सामने आया है। मामले में बैंक के अधिकृत गोल्ड वैल्युअर्स और 12 ग्राहकों की मिलीभगत उजागर होने के बाद पुलिस ने कुल 14 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, पंजाब नेशनल बैंक की कैंट स्थित सदर शाखा के मुख्य शाखा प्रबंधक राजकुमार कोरी ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बैंक के पैनल पर नियुक्त गोल्ड वैल्युअर्स राजीव सोनी और आशुतोष सराफ ने गोल्ड लोन के लिए प्रस्तुत किए गए नकली आभूषणों को असली सोना बताकर सत्यापित कर दिया। इसके आधार पर 12 ग्राहकों को कुल 38.81 लाख रुपये का गोल्ड लोन स्वीकृत कर दिया गया।

बैंक प्रबंधन को संदेह होने पर गिरवी रखे गए सोने की दोबारा जांच कराई गई। जांच में बैंक के लॉकर में जमा आभूषण नकली पाए गए। इसके बाद मामले की विस्तृत जांच की गई, जिसमें वैल्युअर्स और लोन लेने वाले ग्राहकों की कथित मिलीभगत सामने आई। ब्याज सहित बैंक को हुई कुल आर्थिक क्षति 43.17 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में बैंक के दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बैंक धोखाधड़ी से जुड़े इस मामले को गंभीर आर्थिक अपराध मानते हुए विस्तृत विवेचना की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button