कल्हार–बरेठ–गंजबासौदा रेलखंड पर ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल ने रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और दक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पश्चिम मध्य रेल के अंतर्गत भोपाल मंडल के कल्हार–बरेठ–गंजबासौदा रेलखंड पर आधुनिक ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (एबीएस) प्रणाली का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के अधिकारियों की निगरानी में पूरी की गई। शुभारंभ के अवसर पर मुख्यालय एवं भोपाल मंडल के वरिष्ठ रेलवे अधिकारी तथा परियोजना से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
करीब 19.57 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड में अत्याधुनिक ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित की गई है। इसकी निगरानी स्टेशन मास्टर कक्ष में स्थापित वीडियो डिस्प्ले यूनिट के माध्यम से की जाएगी। नई व्यवस्था लागू होने से एक ही खंड में अधिक ट्रेनों का सुरक्षित, तेज और कुशल संचालन संभव हो सकेगा।
परियोजना के तहत कल्हार–बरेठ और बरेठ–गंजबासौदा खंडों में आधुनिक रिले हटों का निर्माण किया गया है। संचार प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए 24-फाइबर ऑप्टिक केबल रिंग संरचना और 48-कोर ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क स्थापित किया गया है। इसके अलावा रेलखंड में 45 ऑटो सिग्नल और 196 डेटा पॉइंट लगाए गए हैं।
रिले हटों में डाटा लॉगर, निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्रणाली (यूपीएस), स्वचालित अग्नि पहचान एवं अलार्म प्रणाली तथा 25 केवीए क्षमता के ऑटोमैटिक ट्रांसफॉर्मर भी स्थापित किए गए हैं। रेलवे के अनुसार सभी व्यवस्थाएं आरडीएसओ के निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित की गई हैं।
नई प्रणाली के लागू होने से ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने, रेल यातायात क्षमता बढ़ाने और समयपालन में सुधार होगा। साथ ही आधुनिक ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क भविष्य में उन्नत सुरक्षा प्रणालियों तथा यात्री सूचना सेवाओं के लिए उच्च गति डेटा संचार उपलब्ध कराने में भी सहायक होगा। रेलवे का मानना है कि इससे पारंपरिक प्रणालियों पर निर्भरता कम होगी और रखरखाव लागत में भी कमी आएगी।








