युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन 16 जून को, निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर
सिंगरौली, / जिले के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखण्ड स्तरीय “युवा संगम – रोजगार, स्व-रोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला” का आयोजन 16 जून 2028 को शासकीय आई.टी.आई. सिंगरौली में प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:00 बजे तक किया जाएगा। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। मेले में 6वीं से 12वीं, आई.टी.आई., डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बी.टेक., स्नातक, स्नातकोत्तर एवं अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है तथा चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों के नियमानुसार वेतनमान प्रदान किया जाएगा।
रोजगार मेले में महान एनर्जीजन लिमिटेड (अदानी पावर लिमिटेड बंधौरा), रिलायंस सासन पावर लिमिटेड, रिलायंस सासन कोल माइंस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड (बरगवां एवं रेनुकूट), एस.आई.एस. सिक्योरिटी, अदानी स्किल डेवलपमेंट सेंटर, बद्रिका हुंडई, व्ही.ई. कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड, विवेक टी.वी.एस., श्री इंजीनियरिंग सर्विसेस प्रा.लि. (किर्लोस्कर ऑयल इंजन लिमिटेड) सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां सहभागिता करेंगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को बायोडाटा, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति एवं छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो, समग्र आईडी, आधार कार्ड तथा जीवित रोजगार पंजीयन साथ लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले में युवाओं को कैरियर मार्गदर्शन एवं रोजगार संबंधी परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिला रोजगार कार्यालय ने जिले के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि रोजगार मेले में भाग लेने हेतु किसी भी प्रकार का शुल्क देय नहीं है तथा कोई भी कंपनी अथवा नियोजक अभ्यर्थियों से धनराशि की मांग नहीं करेगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर, सिंगरौली अथवा दूरभाष क्रमांक 07805-233248 पर संपर्क किया जा सकता है।













