दिल्ली के तुगलकाबाद में दर्दनाक हादसा: बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 3 की मौत, कई गंभीर

नई दिल्ली: दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक 22 वर्षीय युवक और दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है।
दमकल विभाग को रात करीब 2:25 बजे गली नंबर-1 स्थित ‘नया तारा अपार्टमेंट’ के पास आग लगने की सूचना मिली। ग्राउंड फ्लोर के पार्किंग एरिया में चार्जिंग पर लगे एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में शॉर्ट-सर्किट होने के कारण आग लगी, जिसने वहां खड़े अन्य दोपहिया वाहनों (तीन स्कूटी, दो बाइक और एक साइकिल) को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग और जहरीला धुआं पांचवीं मंजिल तक फैल गया।
छत का ताला काटकर किया रेस्क्यू
धुएं और लपटों के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए। दमकलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए छत का ताला काटा और इमारत में प्रवेश कर आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल की चार गाड़ियों ने सुबह करीब 3:45 बजे आग पर काबू पाया। प्रभावितों को तुरंत सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। प्राथमिक जांच में ग्राउंड, पहली और दूसरी मंजिल पूरी तरह खाक हो चुकी है। हादसे की विस्तृत जांच जारी है।













