ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एडीजे कोर्ट मार्ग पर बंद गुमटियों से बढ़ी परेशानी, अतिक्रमण हटाने की उठी मांग

सिंगरौली/देवसर: जिला एवं अपर सत्र न्यायालय (एडीजे कोर्ट) देवसर मार्ग पर लंबे समय से रखी बंद और जर्जर गुमटियां स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन चुकी हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई इन टूटी-फूटी गुमटियों के कारण मुख्य मार्ग बेहद संकरा हो गया है, जिससे इस रास्ते पर आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, पुलिस बल और न्यायालय आने-जाने वाले सैकड़ों फरियादी व नागरिक गुजरते हैं। सड़क पर हुए इस अतिक्रमण की वजह से न सिर्फ आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि आसपास के स्थाई दुकानदारों को भी व्यापार करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर के निर्देशों के बाद भी कार्रवाई का इंतजार:
नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन बंद पड़ी कबाड़नुमा गुमटियों को तत्काल वहां से हटाकर सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके। लोगों का कहना है कि कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा भी जिले में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अमले द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने से समस्या जस की तस बनी हुई है।

क्षेत्रवासियों और स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही इस मार्ग से अवैध कब्जे हटाए जाएं, ताकि आम जनता को रोज-रोज के जाम और असुविधा से स्थाई रूप से राहत मिल सके।

Author

Related Articles

Back to top button