सिंगरौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, पुलिस पर हमला करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार
सिंगरौली। जिले में अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जियावन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमला करने और साक्ष्य मिटाने का प्रयास करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी जियावन उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे** के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छींवा स्थित कॉलेज मोड़ के पास नदी से अवैध रूप से रेत लोड कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली परिवहन कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक छोटेलाल रावत वाहन से कूदकर फरार हो गया।
बताया गया कि ट्रैक्टर में सवार राजेश उर्फ राजू द्विवेदी (35 वर्ष), निवासी ग्राम छींवा ने पुलिस कार्रवाई को विफल करने की नीयत से ट्रैक्टर का जैक उठाकर ट्रॉली में भरी रेत सड़क पर गिरा दी, जिससे साक्ष्य नष्ट हो जाएं। आरोपी ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी प्रयास किया। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने एक बिना नंबर के न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर-ट्रॉली, अवैध रूप से परिवहन की जा रही रेत तथा आरोपी का एंड्रायड मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना जियावन में चोरी, मारपीट, अवैध खनन एवं अवैध परिवहन से जुड़े कई मामले पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी क्षेत्र में संगठित तरीके से अवैध रेत परिवहन गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
थाना जियावन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, खान एवं खनिज अधिनियम तथा मोटरयान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक छोटेलाल रावत की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक इंद्रपाल वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक मोहन प्रजापति, प्रधान आरक्षक गुलाब सिंह, प्रधान आरक्षक आशीष द्विवेदी सहित थाना जियावन के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












