विंध्य केसरी बनीं कात्यायनी द्विवेदी, सिंगरौली-देवसर का बढ़ाया मान

सिंगरौली। जिले के बिजौरा क्षेत्र की प्रतिभाशाली खिलाड़ी सुश्री कात्यायनी द्विवेदी ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दो दिवसीय ‘विंध्य केसरी ओपन कुश्ती महिला-पुरुष प्रतियोगिता’ में महिला वर्ग का प्रतिष्ठित ‘विंध्य केसरी’ खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल अपने क्षेत्र बल्कि पूरे सिंगरौली जिले का गौरव बढ़ाया है।
प्रतियोगिता के दौरान कात्यायनी द्विवेदी ने विंध्य क्षेत्र की कई मजबूत महिला पहलवानों को पराजित कर अपनी ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबलों के बीच उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहली बार सिंगरौली-देवसर के लिए महिला वर्ग का विंध्य केसरी खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया।उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि कात्यायनी की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।कात्यायनी द्विवेदी की इस स्वर्णिम सफलता ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाएं भी अवसर मिलने पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर जिले भर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने कात्यायनी द्विवेदी को विंध्य केसरी का खिताब जीतने पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में और बड़ी सफलताओं की कामना की है।












