देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

कोयला मालगाड़ी में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने रसमड़ा स्टेशन पर टाला बड़ा हादसा

 

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। स्टेशन पर खड़ी कोयले से लदी एक मालगाड़ी के वैगन में अचानक आग लग गई। घटना दोपहर करीब 11:55 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही कोयले के ढेर से लपटें और काले धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने नियंत्रण कक्ष और अग्निशमन विभाग को अलर्ट किया।

आग की सूचना पर दुर्ग जिला अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग की टीम तत्काल दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद दमकल कर्मियों ने पाया कि मालगाड़ी का एक पूरा वैगन धधक रहा था। तेज हवा के कारण आग के अन्य डिब्बों तक फैलने का खतरा भी बढ़ गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन दल ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पानी की तेज बौछारों से आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों की सतर्कता और कड़ी मेहनत के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। टीम ने आग को केवल प्रभावित वैगन तक सीमित रखा और उसे अन्य डिब्बों में फैलने से रोक दिया। इससे मालगाड़ी को बड़े नुकसान से बचाने के साथ-साथ संभावित बड़े रेल हादसे को भी टाल दिया गया।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कोयले में आंतरिक घर्षण (सेल्फ-कंबशन) या अत्यधिक गर्मी के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए रेल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

इस अभियान का संचालन जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया। दल प्रभारी धन्नु यादव के साथ संतोष, निखिल, रमेश, योगेश और हरीश सहित अन्य जवानों ने आग बुझाने की कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Author

Related Articles

Back to top button