देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बीकानेर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-कार की आमने-सामने टक्कर में 6 की मौत, युवती गंभीर

 

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सीजराल होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कबाड़ में तब्दील हो गई। कार में सवार लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल एक युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बीकानेर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button