मैसूरु के रेस्टोपब में भीषण आग, दो कर्मचारियों की जिंदा जलने से मौत; मालिक समेत 6 झुलसे

मैसूरु। कर्नाटक के मैसूरु शहर में सोमवार को एक रेस्टोपब में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पब मालिक समेत छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर पहुंची दमकल तथा पुलिस टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पब के भीतर बड़ी मात्रा में लकड़ी से बने सजावटी सामान रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान 26 वर्षीय साहिन और 24 वर्षीय प्रकाश के रूप में हुई है। साहिन पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग का निवासी था, जबकि प्रकाश नेपाल का रहने वाला बताया गया है। दोनों आग की चपेट में आने के कारण बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में झुलसे लोगों में पब मालिक प्रीतम पुमीत के अलावा सोनू, रमेश, महादेव प्रसाद, प्रज्वलित और अविनाश शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के समय पब के अंदर कई ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे। दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से अंदर फंसे करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों को मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम अब आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।













