Blog

पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, शिक्षक समेत एक ही परिवार के 3 लोगों सहित 5 की मौत

 

नर्मदापुरम। पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग पर मटकुली-झिरिया के बीच सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में शिक्षक, उनकी पत्नी और 8 वर्षीय पुत्र भी शामिल हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार तामिया से पिपरिया लौट रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर तीन बार पलटी और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे बोलेरो नियंत्रण खो बैठी और हादसे का शिकार हो गई।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों और मृतकों को पिपरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नर्मदापुरम रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान नर्मदापुरम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे, पुत्र अक्षत धुर्वे (8), समनापुर निवासी पंचम ठाकुर (55) तथा झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) के रूप में हुई है। वहीं आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) गंभीर रूप से घायल हैं।

बताया गया है कि सभी लोग एक रिश्तेदार के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देलाखारी गए थे। वहां से लौटते समय तामिया में रात्रि विश्राम किया और सोमवार को पिपरिया के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मटकुली-झिरिया के बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया।

थाना प्रभारी मदन पवार ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button