देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल में “स्वच्छता पखवाड़ा – 2026” का हुआ शुभारंभ

जागरूकता कार्यक्रमों के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट पुनर्चक्रण को मिलेगा बढ़ावा

सिंगरौली- मंगलवार को सिंगरौली स्थित भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में “स्वच्छता पखवाड़ा – 2026” का शुभारंभ हुआ। एनसीएल में यह पखवाड़ा 16 जून से 30 जून, 2026 तक मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर एनसीएल मुख्यालय में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में एनसीएल निदेशक (तकनीकी), आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी, अजय कुमार जायसवाल एवं जेसीसी के श्रमिक संगठनों से प्रतिनिधि सीएमएस से अजय कुमार, बीएमएस से श्यामधर दुबे, आरसीएसएस से लाल पुष्पराज सिंह, एचएमएस से अशोक कुमार पांडेय, मुख्यालय के विभिन्न विभागों से महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।इस अवसर पर उपस्थित सभी ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, नियमित श्रमदान करने, कार्यस्थलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने, दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने तथा प्रत्येक सप्ताह दो घंटे स्वेच्छिक श्रमदान करने की शपथ ली।

स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध जागरूकता एवं सहभागितापरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्वच्छता जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, लोकगीत प्रस्तुतियां, चित्रकला, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मियों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय समुदायों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट पुनर्चक्रण एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

 

इसके अतिरिक्त एनसीएल द्वारा इस पखवाड़े के तहत जल स्रोतों की सफाई, खदान क्षेत्रों, अस्पतालों एवं विद्यालय परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे, वहीं वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता एवं संरक्षण संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही जूट बैग वितरण, वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण, डस्टबिन स्थापना, प्लास्टिक मुक्त एवं थूक मुक्त क्षेत्रों के निर्माण पर विशेष बल दिया जाएगा। इसके अलावा पुनः उपयोग (अपसाइक्लिंग) की अवधारणा को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष अभियान एवं गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी।
एनसीएल द्वारा इस व्यापक स्वच्छता अभियान में संविदा कर्मियों एवं आसपास के ग्रामीण समुदायों को भी जोड़ा जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button