मुख्य मार्ग पर बच्चे से स्कूटी चलवाता दिखा पिता, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस

सिंगरौली। बैढ़न-बरगवां मुख्य मार्ग पर यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति अपने करीब 7 से 8 वर्षीय बच्चे से स्कूटी चलवाता नजर आया, जबकि वह स्वयं वाहन पर पीछे बैठा हुआ था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार तेलाई क्षेत्र से गुजर रहे एक कार सवार ने इस दृश्य को देखकर वीडियो बना लिया। वीडियो में नाबालिग बच्चा मुख्य सड़क पर स्कूटी चलाते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जाता है कि कार सवार ने स्कूटी रुकवाकर संबंधित व्यक्ति से बातचीत भी की। इस दौरान पहले उसने दावा किया कि स्कूटी वह स्वयं चला रहा था, लेकिन वीडियो दिखाए जाने पर बाद में बच्चे से वाहन चलवाने की बात स्वीकार कर ली।
वायरल वीडियो के आधार पर स्कूटी सवार की पहचान प्रवीण कुमार सोनी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सीधी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और वर्तमान में बैढ़न क्षेत्र में रह रहे हैं।
घटना को लेकर लोगों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि मुख्य मार्ग पर नाबालिग बच्चे से वाहन चलवाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उसकी और अन्य राहगीरों की जान को भी खतरे में डाल सकता है।
यातायात थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग से वाहन चलवाना मोटर वाहन अधिनियम के तहत गंभीर उल्लंघन है। वायरल वीडियो और वाहन नंबर के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान कर ली गई है तथा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। ऐसी लापरवाही किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।













