देवसर बाईपास पर खड़े ट्रक से टकराया तेज रफ्तार ऑटो, कई घायल

सिंगरौली। जिले के देवसर क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत पश्चिमी बाईपास मार्ग पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शाम करीब चार बजे की है। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ऑटो सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया जा सकता है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने पश्चिमी बाईपास पर ट्रकों की अवैध पार्किंग को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री समाप्त होने की प्रतीक्षा में भारी वाहन चालक ट्रकों को सड़क किनारे खड़ा कर देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों का आरोप है कि इसी अव्यवस्था के कारण यह हादसा हुआ है।
जियावन थाना प्रभारी शेष नारायण द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहायता की और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक की पार्किंग से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से बाईपास मार्ग पर अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।













