तहसीलदार चंद्रशेखर मिश्रा का अनूपपुर तबादला, सरई क्षेत्र में भावुक माहौल

सिंगरौली। सरई तहसील में करीब तीन वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले तहसीलदार चंद्रशेखर मिश्रा का स्थानांतरण अनूपपुर जिले में होने पर क्षेत्रवासियों में भावुकता का माहौल देखा जा रहा है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनहित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसके कारण वे आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहे।
सरई जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उन्होंने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण, कानून-व्यवस्था के बेहतर संचालन तथा जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता आम नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता रही। फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका समयबद्ध निराकरण करना उनकी पहचान बन गया था।
कोयला परिवहन, सड़क दुर्घटनाओं और विभिन्न संवेदनशील परिस्थितियों में उन्होंने प्रशासनिक सूझबूझ का परिचय देते हुए हालात को प्रभावी ढंग से संभाला। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण और राजस्व मामलों के बेहतर प्रबंधन के चलते सरई तहसील को ‘ए ग्रेड’ प्राप्त हुआ। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें प्रभारी मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया था।
मुख्यमंत्री के दो महत्वपूर्ण दौरों के दौरान व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संचालित कराने में भी उनकी अहम भूमिका रही। वहीं सरई बाजार क्षेत्र में कोयला वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित समय के लिए प्रतिबंध लागू कर उन्होंने यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा को मजबूत बनाया।
प्रशासनिक दृष्टि से यह एक सामान्य तबादला है, लेकिन क्षेत्र के लोगों के लिए यह ऐसे अधिकारी से विदाई का क्षण है, जिसने अपने व्यवहार, कार्यकुशलता और जनसेवा से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। सरई क्षेत्र लंबे समय तक उनके योगदान और कार्यशैली को याद रखेगा।













