सिंगरौली में ओवरलोड माफिया पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 4 वाहन व डोजर जब्त
‘नो टॉलरेंस’ अभियान के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई, ₹12.80 लाख राजस्व वसूला

सिंगरौली। जिले में ओवरलोडिंग, प्रदूषण और अवैध परिवहन गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘नो टॉलरेंस’ अभियान के तहत परिवहन विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान चौकी बंधौरा क्षेत्र के तीनगुडी और चौकी सासन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक वाहन सहित कुल चार वाहनों एवं एक डोजर को नियमों के उल्लंघन के आरोप में जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों को आरटीओ कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
जांच के दौरान फ्लाई ऐश एवं रेत के ओवरलोड परिवहन, बिना तिरपाल खुले में सामग्री ढुलाई, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) की अनुपलब्धता तथा अन्य दस्तावेजी अनियमितताएं सामने आईं। परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लगभग 12.80 लाख रुपये का राजस्व संग्रह भी किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और वैध परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलेभर में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले वाहन मालिकों एवं संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













