बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एल.वी. कोल ने 300 आपदा मित्रों को बांटे सुरक्षा किट

 

​सिंगरौली। जिले में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित होमगार्ड कार्यालय में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एल.वी. कोल ने लगभग 300 आपदा मित्रों को सुरक्षा एवं राहत कार्यों में उपयोग होने वाली आवश्यक किट वितरित की।
​कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट एल.वी. कोल ने आपदा मित्रों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने आपदा मित्रों का हालचाल जाना और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों व आ रही समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली। आपदा मित्रों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा:
​”किसी भी आपदा या संकट के समय आपदा मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण और सराहनीय होती है। विपरीत परिस्थितियों में वे देवदूत बनकर लोगों की मदद करते हैं। ऐसे में उन्हें कार्य के दौरान सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक संसाधन और किट उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

​आगामी मानसून और रेस्क्यू अभियानों को ध्यान में रखते हुए वितरित किए गए किट में रेनकोट, टी-शर्ट, आवश्यक दवाइयां और अन्य रेस्क्यू सामग्री शामिल हैं। इस किट की मदद से आपदा मित्रों को बारिश और जलभराव वाले क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में काफी सहूलियत होगी।

​2023 में मिला था प्रशिक्षण ​उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के निर्देशन में वर्ष 2023 में सिंगरौली जिले में दो चरणों में आपदा मित्रों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इसमें पहले और दूसरे चरण को मिलाकर कुल 300 प्रतिभागियों (150-150) ने ट्रेनिंग ली थी। इन्हीं प्रशिक्षित आपदा मित्रों को अब हाईटेक किट से लैस किया गया है। वर्तमान में सिंगरौली जिले के डूब क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील इलाकों में होमगार्ड के जवान और आपदा मित्र संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान संचालित करते हैं।

​जल्द शुरू होगा नया बैच: इच्छुक नागरिक कर सकेंगे संपर्क

​मीडिया से चर्चा करते हुए डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एल.वी. कोल ने एक और बड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आगामी समय में जिले में आपदा मित्रों का एक और नया प्रशिक्षण बैच शुरू किया जाएगा। यह ट्रेनिंग लगभग एक सप्ताह की होगी।
​संभावित रूप से अगले एक से दो महीनों के भीतर यह प्रशिक्षण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। जिले के जो भी इच्छुक नागरिक इस सामाजिक और साहसिक कार्य से जुड़ना चाहते हैं, वे चयन प्रक्रिया की जानकारी के लिए आगामी दिनों में होमगार्ड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

इस अवसर पर पीसी योगेंद्र बहादुर सिंह, होमगार्ड के जवान एवं बड़ी संख्या में आपदा मित्र मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button