देश विदेशब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सांसद की पहल से बकहुल-ओबरी सड़क निर्माण को मिली मंजूरी, क्षेत्रवासियों में खुशी

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को बड़ी राहत मिली है। सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की अनुशंसा पर बकहुल से ओबरी वाया कसैया सड़क निर्माण कार्य को एनसीएल के सीएसआर मद से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। लगभग 8 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 11 करोड़ 73 लाख 83 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

यह मार्ग वर्षों से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद बकहुल, कसैया, ओबरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क बनने से आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि देवसर विधानसभा क्षेत्र की यह अत्यंत महत्वपूर्ण और वास्तविक आवश्यकता थी, जिसे जनता लगातार उठा रही थी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनकी ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उनकी अनुशंसा पर इस सड़क परियोजना को स्वीकृति मिली है।

सांसद ने सभी क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामीण अंचलों के विकास को नई गति मिलेगी तथा सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना देवसर विधानसभा के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

सड़क निर्माण की स्वीकृति को क्षेत्र के लोग विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं और इसके लिए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button