ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अमृत 2.0 योजना के कार्यों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समय-सीमा पर विशेष जोर

 

सिंगरौली। नगर परिषद बरगवां क्षेत्र में अमृत 2.0 योजना के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का बुधवार को अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण दल में संभागीय कार्यपालन यंत्री हरिशंकर मिश्रा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित सिंह, उपयंत्री, एआरई, एफ.ई. तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले वार्ड क्रमांक-08 में निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) का निरीक्षण कर जल शोधन व्यवस्था एवं परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।

इसके बाद अधिकारियों ने वार्ड क्रमांक-05 एवं 08 में निर्माणाधीन 400 किलोलीटर तथा 1200 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद नगर क्षेत्र में स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक-05 में विकसित किए जा रहे ग्रीन स्पेस पार्क और वार्ड क्रमांक-15 स्थित शिव मंदिर तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने पार्क को आकर्षक एवं जनोपयोगी बनाने तथा तालाब विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने कहा कि अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत संचालित सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता, सुरक्षा और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से नगर परिषद बरगवां क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Author

Related Articles

Back to top button