सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, ₹10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। जियावन पुलिस ने सस्ता सोना दिलाने का लालच देकर लोगों से रकम हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ₹10 हजार के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य सरगना को पकड़कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री तिवारी के निर्देशन में जियावन थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार 25 फरवरी को जियावन थाना क्षेत्र में लूट की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने फरियादियों से अलग-अलग पूछताछ की, जिसमें पूरी साजिश का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फरियादियों को कम कीमत में सोना दिलाने का झांसा दिया था। विश्वास दिलाने के लिए पहले ज्वेलर्स की दुकान में सोने का टुकड़ा भी दिखाया गया। बाद में आरोपियों ने उन्हें झुरही जंगल क्षेत्र में बुलाकर नकदी ले ली और बिना सोना दिए फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में पहले ही आरोपी अनिल सिंह निवासी कचनी वैढ़न एवं शिवमंगल सिंह निवासी गनियारी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद मुख्य मास्टरमाइंड एवं ₹10 हजार के इनामी फरार आरोपी बलवान पारधी (26) निवासी बूढ़ा, थाना रीठी जिला कटनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शेषनारायण दुबे, सहायक उप निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, आरक्षक सदन सहित जियावन थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।












